मौसम ने ली करवट, बूंदाबांदी ने बढ़ाई सर्दी

हरदोई : मौसम ने करवट ले ली। बुधवार को पूरे दिन उतार चढ़ाव होता रहा। हालांकि बादल तो छाए रहे लेकिन पानी मात्र एक मिमी ही बरसा, जिसने सर्दी बढ़ा दी। बरसात के साथ ही सर्दी से बचने के लिए लोग रास्ते तलाशते रहे।


जिले में मौसम में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना व्यक्त की गई थी। बुधवार की सुबह बारिश से हुई। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। कुछ देर सूरज दिखे मगर फिर घने बादल छा गए। सुबह के समय हुई बारिश के कारण बच्चों को भीगते हुए विद्यालय जाना पड़ा। इसके साथ ही जन सामान्य अपने काम पर जाने के छाते आदि का सहारा लेना पड़ा। बारिश के कारण मुख्य मार्गो पर कीचड़ हो गया। इससे दो पहिया वाहन कई स्थानों पर गिरते- गिरते बचे। बुधवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहा। पूरे दिन छह किमी की रफ्तार से पुरवा हवा चलती है। तेज हवा चलने और आसमान में बादल छाए रहने से गलन बढ़ गई। इससे पूरे दिन लोग परेशान रहे। शाम- शाम होते होते कई ग्रामीण क्षेत्रों में फिर बारिश हुई। इससे गलन और बढ़ गई। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार अभी बारिश की संभावना है। किसानों के चेहरे पर चिता की लकीरें हरपालपुर : बूंदाबांदी से किसानों के माथे पर चिता की लकीरें दिखाई देने लगी हैं। ओलावृष्टि के बाद छाए बादलों से किसान घबरा गए हैं। अभी हाल ही में भारी बारिश एवं ओलावृष्टि से किसानों की फसल आलू, सरसों, सौफ नष्ट होकर बर्बाद हो गई थी। जिससे किसान उबर भी नहीं पाए। लगातार दो दिनों से आकाश में छाए बादलों एवं बूंदाबांदी से किसान परेशान दिखाई दे रहे है। रुक-रुक कर हो रही बारिश गेहूं की फसल के लिए लाभदायक है। लेकिन आलू सरसों के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है।